आंतरिक सुरक्षा, मीडिया एवं नागरिक दायित्व” विषयक सेमिनार : आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक रहें युवा : प्रदीप जोशी
Ashwani Kumar Sinha
Sun, Sep 13, 2026
आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक रहें युवा : प्रदीप जोशी
भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख प्रदीप जोशी ने युवाओं से देश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक चुनौतियों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका महत्वपूर्ण है।
वे रविवार को NITTTR, भोपाल के सभागार में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, मध्य भारत प्रांत एवं पुरुषार्थ सेवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “आंतरिक सुरक्षा, मीडिया एवं नागरिक दायित्व” विषयक सेमिनार को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
सेमिनार में देश की आंतरिक सुरक्षा, बदलते मीडिया एवं सूचना परिदृश्य तथा नागरिकों के अधिकार और कर्तव्यों से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार रखे। लेफ्टिनेंट जनरल मानवेन्द्र सिंह, ऋषि कुमार शुक्ला, पूर्व निदेशक मध्य प्रदेश पुलिस, लेफ्टिनेंट जनरल वी.के. चतुर्वेदी एवं मेजर जनरल टी.पी.एस. रावत ने आंतरिक सुरक्षा के विभिन्न आयामों और बदलते सुरक्षा परिदृश्य में सतर्कता एवं नागरिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
मीडिया एवं सूचना के क्षेत्र में डॉ. लोकेंद्र सिंह, 

अखिलेश श्रीवास्तव, ज्ञानेंद्र तिवारी एवं नीरज पांडे ने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं की बढ़ती चुनौती के बीच सूचना के सत्यापन तथा मीडिया की जिम्मेदार भूमिका पर जोर दिया।
राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका एवं दायित्व विषय पर पूर्व न्यायाधीश एम.पी. तिवारी, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो, NITTTR भोपाल के निदेशक डॉ. चंद्र चारू त्रिपाठी एवं रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के प्राध्यापक अमिताभ सक्सेना ने अपने विचार रखे। उन्होंने नागरिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों के निर्वहन को भी आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स, युवाओं, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, शिक्षाविदों तथा सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, मध्य भारत प्रांत के अध्यक्ष ब्रिगेडियर शिवेंद्र सिंह एवं पुरुषार्थ सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. प्रकाश बढ़तूनिया ने सभी सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन