संघ उत्सव नहीं मना रहा, बल्कि समाज के दिलों तक पहुँचने का कार्य कर रहा : भारत का युवा जाग चुका है, वह देश को समर्थ बनाना चाहता है – सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत
Ashwani Kumar Sinha
Fri, Jan 2, 2026
भारत का युवा जाग चुका है, वह देश को समर्थ बनाना चाहता है – सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत
भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशव्यापी प्रवास के अंतर्गत सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का दो दिवसीय प्रवास भोपाल में हुआ। प्रवास के पहले दिन कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में उन्होंने मध्यभारत प्रान्त के 16 शासकीय जिलों से आए युवाओं को संबोधित किया।
डॉ. भागवत ने कहा कि संघ अपने जन्म से ही धर्म-संस्कृति के संरक्षण और भारत को परम वैभव पर पहुँचाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रहा है। कोई भी राष्ट्र सम्पूर्ण समाज के योगदान से ही महान बनता है। नेता, नीति और व्यवस्था तभी प्रभावी होती है, जब समाज गुणसम्पन्न हो। उन्होंने कहा कि आज भारत का युवा जाग गया है और देश को समर्थ बनाना चाहता है। संघ युवाओं से आह्वान करता है कि वे शाखा या संघ प्रेरित कार्यों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
उन्होंने युवाओं से अहंकार और स्वार्थ छोड़कर गुणों को धारण करने, भयमुक्त जीवन जीने और स्वयं से पहले देश को रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति निर्माण की प्रभावी पद्धति संघ की शाखा है, जहाँ देशभक्ति और अनुशासन का संस्कार मिलता है।
युवा संवाद में युवाओं के प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्होंने करियर, सुरक्षा, संघर्ष और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया और कहा कि तकनीक पर नियंत्रण रखते हुए उसका उपयोग देशहित में होना चाहिए।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में अखिल भारतीय सह बौद्धिक प्रमुख श्री दीपक विस्पुते जी ने संघ की 100 वर्ष की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ उत्सव नहीं मना रहा, बल्कि समाज के दिलों तक पहुँचने का कार्य कर रहा है
। वहीं करुणा धाम भोपाल के प्रमुख श्री सुदेश शांडिल्य जी महाराज ने युवाओं को सामर्थ्यवान बनने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मंच पर मध्यभारत प्रान्त के सह संघचालक डॉ. राजेश सेठी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
विज्ञापन