लापरवाही पर कार्रवाई : भिंड की औषधि निरीक्षक आकांक्षा गरुड़ से प्रभार : दीपावली पर मिलावटखोरी के खिलाफ प्रदेशव्यापी सघन अभियान, 17.83 लाख की मिलावटी खाद्य सामग्री जप्त
Ashwani Kumar Sinha
Wed, Oct 15, 2025
दीपावली पर मिलावटखोरी के खिलाफ प्रदेशव्यापी सघन अभियान, 17.83 लाख की मिलावटी खाद्य सामग्री जप्त
भोपाल, 15 अक्टूबर 2025। दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए मध्यप्रदेश में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन श्री दिनेश श्रीवास्तव (आईएएस) के निर्देशन में 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2025 तक पूरे प्रदेश में विशेष जांच अभियान के तहत दूध, मावा, पनीर, मिठाई और नमकीन जैसे खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
15 दिनों में कुल 2315 नमूने जांच हेतु संकलित किए गए, जिनमें दूध के 123, मावा के 253, पनीर के 115, मिठाइयों के 793, नमकीन के 186 एवं अन्य खाद्य पदार्थों के 845 नमूने शामिल हैं।
इस अवधि में 13,890 किलोग्राम मिलावटी खाद्य सामग्री 17.83 लाख रुपये मूल्य की जप्त की गई। साथ ही 3900 किलोग्राम खाद्य पदार्थों को विनष्ट किया गया। मिलावट पाए जाने पर 7 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं, जबकि 37 पंजीयन निलंबित किए गए हैं।
नियंत्रक द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक जिले में चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं के माध्यम से भी नमूनों की जांच की जा रही है — अब तक 1288 नमूनों की त्वरित जांच इसी माध्यम से की गई है। अभियान के तहत अब तक कुल 2315 से अधिक नमूने जांच के लिए संकलित किए जा चुके हैं।
लापरवाही पर कार्रवाई : भिंड की औषधि निरीक्षक आकांक्षा गरुड़ से प्रभार समाप्त, नोटिस जारी
इस अभियान के दौरान कार्य में लापरवाही बरतने पर औषधि निरीक्षक श्रीमती आकांक्षा गरुड़ के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है। उन्हें भिंड जिले के साथ-साथ जिला मुरैना के औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी (विक्रय) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था, परंतु लाइसेंस जारी करने में अनावश्यक विलंब और उदासीनता बरतने की शिकायतों के बाद उनसे तत्काल प्रभार समाप्त कर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
नियंत्रक श्री दिनेश श्रीवास्तव ने कहा कि “शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और जनकल्याण सर्वोपरि है। कार्य में लापरवाही को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।”
विज्ञापन