संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक जबलपुर में प्रारंभ : गृह संपर्क अभियान, हिन्दू सम्मेलन, सद्भाव बैठक, प्रमुख जन संगोष्ठी की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया जा
Ashwani Kumar Sinha
Thu, Oct 30, 2025
संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक जबलपुर में प्रारंभ
जबलपुर, 30 अक्तूबर 2025।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक आज जबलपुर के कचनार सिटी में प्रारंभ हुई। बैठक का शुभारंभ सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत एवं सरकार्यवाह मान. दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर किया।
बैठक में संघ के सभी छह सह सरकार्यवाह — डॉ. कृष्णगोपाल, श्री मुकुंदा, श्री अरुण कुमार, श्री रामदत्त चक्रधर, श्री आलोक कुमार और श्री अतुल लिमये — सहित अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य, 11 क्षेत्रों एवं 46 प्रांतों के संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक और निमंत्रित कार्यकर्ता — कुल लगभग 407 प्रतिनिधि उपस्थित हैं।
बैठक के आरंभ में राष्ट्र सेविका समिति की पूर्व प्रमुख संचालिका प्रमिला ताई मेढ़े, वरिष्ठ प्रचारक मधुभाई कुलकर्णी, पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और शिबू सोरेन, वैज्ञानिक डॉ. कस्तूरीरंगन, गीतकार पीयूष पांडे, अभिनेता सतीश शाह, पंकज धीर, असरानी, संगीतज्ञ जुबिन गर्ग, तथा देश के विभिन्न भागों में प्राकृतिक आपदाओं में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा किए गए सेवा कार्यों की जानकारी साझा की गई। साथ ही श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान वर्ष, बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर प्रस्तावित कार्यक्रमों पर चर्चा हो रही है।
शताब्दी वर्ष में आयोजित होने वाले गृह संपर्क अभियान, हिन्दू सम्मेलन, सद्भाव बैठक, प्रमुख जन संगोष्ठी की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया जा
रहा है। इसके साथ ही विजयादशमी उत्सवों की समीक्षा तथा वर्तमान सामाजिक-राष्ट्रीय परिस्थिति पर भी विचार होगा।
विज्ञापन