संघ की सेवा कार्यों ने समाज को दी नई दिशा — विमल जी गुप्ता : शताब्दी वर्ष पर बस्ती-बस्ती में स्वयंसेवकों ने निकाले पथ संचलन
Ashwani Kumar Sinha
Thu, Oct 2, 2025
🚩 शताब्दी वर्ष पर बस्ती-बस्ती में स्वयंसेवकों ने निकाले पथ संचलन
संघ की कार्यप्रणाली और सेवा कार्यों ने समाज को दी नई दिशा — विमल जी गुप्ता





भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विजयादशमी पर्व पर गुरुवार को भोपाल महानगर के 12 नगरों, खंडों और बस्तियों में स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में पथ संचलन निकाले। इस अवसर पर प्रमुख स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में गणमान्य जनप्रतिनिधियों, संघ पदाधिकारियों एवं समाजजनों की उपस्थिति रही।
विद्युत जिले के अवधनगर स्थित अविनाथ नगर बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि यशपाल सिंह और मुख्य वक्ता प्रान्त प्रचारक विमल जी गुप्ता उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि “संघ का जन्म किसी के विरोध में नहीं, बल्कि राष्ट्र को स्वतंत्र कर उसे चरित्र व स्थायित्व प्रदान करने के उद्देश्य से हुआ। संघ का लक्ष्य व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण करना है।” उन्होंने संघ की सौ वर्षों की यात्रा को गौरवशाली व समाज परिवर्तन की प्रेरक यात्रा बताया।
इसी जिले के समन्वय नगर बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में नितिन केकरे ने विजयादशमी के महत्व और पूज्य डॉ. हेडगेवार जी की राष्ट्रभक्ति से स्वयंसेवकों को अवगत कराया। वहीं भोजपुर जिले के मंडीदीप नगर (प्रताप बस्ती) में पथ संचलन में जिला कार्यवाह महेश राठौर जी विशेष रूप से शामिल हुए।
तात्या टोपे जिले के अंबेडकर नगर (कोटरा बस्ती) स्थित सरस्वती स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, विधायक भगवानदास सबनानी, संघ के प्रांत संचालक अशोक जी पांडेय, नगर संघचालक गोपालदास मेहता, क्षेत्र संगठन मंत्री विवस्वान जी एवं संगठन मंत्री हितानंद शर्मा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे। वरिष्ठ गायक व सांस्कृतिक विशेषज्ञ उल्लास तेलंग ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई और संघ की सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यशैली की सराहना की।
शस्त्र पूजन के उपरांत आयोजित सभाओं में वक्ताओं ने संघ की शताब्दी यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ ने राष्ट्र निर्माण में मौन लेकिन गहरा प्रभाव छोड़ा है। उन्होंने “पंच परिवर्तन” जैसे विषयों पर चर्चा की और वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य में संघ कार्य की प्रासंगिकता को रेखांकित किया।
अन्य स्थानों पर भी निकले पथ संचलन
विजयादशमी पर भोपाल विभाग के विभिन्न जिलों में भी बड़े स्तर पर पथ संचलन हुए।
प्रताप जिला: सुभाष कॉलोनी व अशोक विहार बस्ती में विभाग प्रचारक कैलाश जी लववंशी की उपस्थिति में संचलन हुआ।
शंकराचार्य नगर: ग्रीन पार्क, हिनोतिया, रामबाग और गांधी बस्ती में डॉ. अमित दीक्षित की उपस्थिति में संचलन हुए।
भरत नगर खंड (मानसरोवर): जिला सह-कार्यवाह अखिलेश प्रताप सिंह राठौर ने विजयादशमी का महत्व और संघ की 100 वर्षों की यात्रा पर उद्बोधन दिया।
भरत बस्ती: डॉ. लोकेन्द्र दवे मुख्य अतिथि एवं विजय विश्वकर्मा मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने संघ की स्थापना और पृष्ठभूमि पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इन सभी आयोजनों में स्वयंसेवकों की अनुशासित भागीदारी, शस्त्र पूजन और उत्साहपूर्ण वातावरण ने संघ के शताब्दी वर्ष के इस ऐतिहासिक पर्व को अविस्मरणीय बना दिया।
विज्ञापन