DRUCC सदस्य निलेश श्रीवास्तव ने किया स्टेशन का पूर्व निरीक्षण : नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल लोकार्पण 22 मई को
Ashwani Kumar Sinha
Tue, May 20, 2025
नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल लोकार्पण 22 मई को
रेलवे सलाहकार समिति सदस्य निलेश श्रीवास्तव ने किया स्टेशन का पूर्व निरीक्षण
नर्मदापुरम।
अमृत भारत योजना के तहत नवनिर्मित और विकसित नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 22 मई को करेंगे। इस अवसर से पूर्व रेलवे सलाहकार समिति (डीआरयूसीसी) सदस्य श्री निलेश श्रीवास्तव ने स्टेशन पहुंचकर स्टेशन मैनेजर श्री देवेंद्र सिंह चौहान के साथ सभी विकास कार्यों का निरीक्षण किया और स्टेशन की तैयारियों का जायजा लिया।
पत्रकार वार्ता में श्री श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि स्टेशन पर करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक विकास कार्य कराए गए हैं। इनमें स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, नए वेटिंग हॉल और वेटिंग कक्ष का निर्माण, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज (एफओबी), अत्याधुनिक शौचालयों का निर्माण प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त स्टेशन पर शीघ्र ही लिफ्ट और एस्कलेटर लगाने का कार्य भी प्रारंभ होने वाला है।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ इंजीनियर श्री हरिसिंह अहिरवार ने समस्त कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। श्री श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए रेलवे प्रशासन हर स्तर पर गंभीरता से कार्य कर रहा है।
वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम में पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, जबलपुर मंडल के डीआरएम, राज्यसभा सांसद, लोकसभा सांसद, संबंधित क्षेत्र के मंत्रीगण, विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
यह अवसर नर्मदापुरम वासियों के लिए गर्व का क्षण होगा, जब उनका स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर देश के प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।
विज्ञापन