ताकि रक्षाबंधन पर्व शांतिपूर्ण और सुगम यातायात व्यवस्था के साथ संपन्न : रक्षाबंधन पर्व पर ट्रैफिक में राहत हेतु ग्राहक पंचायत का ट्रैफिक पुलिस को ज्ञापन
Ashwani Kumar Sinha
Fri, Aug 8, 2025
रक्षाबंधन पर्व पर ट्रैफिक में राहत हेतु ग्राहक पंचायत का ट्रैफिक पुलिस को ज्ञापन
भोपाल, 7 अगस्त 2025 — रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए न्यू मार्केट क्षेत्र में बढ़ती भीड़ और पार्किंग की सीमित व्यवस्था को लेकर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, भोपाल महानगर ने मंगलवार को टीटी नगर यातायात थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में संगठन ने अनुरोध किया कि 9 अगस्त तक, जब तक रक्षाबंधन की खरीदारी चरम पर है, पार्किंग की असुविधा को ध्यान में रखते हुए वाहन उठाने की कार्रवाई में अस्थायी रूप से छूट दी जाए। पंचायत ने कहा कि त्योहार के इस अवसर पर विशेष रूप से महिलाओं और बुजुर्गों की संख्या अधिक रहती है, और ट्रैफिक के चलते जब वाहनों को उठाया जाता है तो उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्राहक पंचायत ने यह भी सुझाव दिया कि ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने हेतु लाउडस्पीकर या माइक से लगातार चेतावनी दी जाए, ताकि नागरिकों को सही स्थान पर वाहन पार्क करने की प्रेरणा मिल सके और ट्रैफिक भी सुचारु बना रहे।
संगठन ने प्रशासन से इस मांग पर गंभीरता से विचार कर सहयोग की अपेक्षा जताई है, ताकि रक्षाबंधन पर्व शांतिपूर्ण और सुगम यातायात व्यवस्था के साथ संपन्न हो सके।
ज्ञापन देने ग्राहक पंचायत भोपाल महानगर अध्यक्ष सुरेंद्र रघुवंशी, निलेश श्रीवास्तव और विधि आयाम प्रमुख अश्वनी कुमार सिन्हा थे।
विज्ञापन