मुख्य वक्ता का संदेश — “सजग ग्राहक ही ठगी से बचा सकता है देश” : एल.एन. आयुर्वेद महाविद्यालय में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा “ग्राहक प्रबोधन” कार्यक्रम सम्पन्न
Ashwani Kumar Sinha
Wed, Nov 12, 2025
एल.एन. आयुर्वेद महाविद्यालय में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा “ग्राहक प्रबोधन” कार्यक्रम सम्पन्न
भोपाल। आज दिनांक 11 नवंबर 2025 को एल.एन. आयुर्वेद महाविद्यालय, भोपाल में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा ग्राहक जागरूकता एवं प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री दिनकर सबनीस उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य भारत प्रांत के अध्यक्ष श्री विवेक भटनागर ने की।
विशिष्ट अतिथियों में प्रांत कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनूप कुमार श्रीवास्तव एवं कार्यालय प्रमुख श्री दीपकबाबू श्रीवास्तव शामिल रहे।
महाविद्यालय की ओर से डॉ. विशाल शिवहरे (डायरेक्टर), डॉ. सपन जैन (प्राचार्य) एवं डॉ. वर्षा वजारी (उप-प्राचार्य) कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता का संदेश — “सजग ग्राहक ही ठगी से बचा सकता है देश”
अपने प्रेरक उद्बोधन में श्री दिनकर सबनीस ने कहा कि —
“जब तक कंपनियों में ग्राहक के प्रति भय नहीं होगा, वे उपभोक्ताओं को ठगती रहेंगी।
जैसे ही ग्राहक सजग होकर शिकायत करना शुरू करता है, कंपनियाँ अनुशासित हो जाती हैं।
भय बिन होय न प्रीत — यानी बिना भय के अनुशासन संभव नहीं।”
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत का उद्देश्य हर ग्राहक में यह चेतना जगाना है कि वह गलत होने पर शांत न बैठे, बल्कि आवाज उठाए।
उन्होंने आह्वान किया कि ग्राहक अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित हों ताकि कोई उपभोक्ता खुद को अकेला महसूस न करे।
दिनकर सबनीस ने कहा—
“हम चौबीसों घंटे ग्राहक हैं — सुबह उठते ही टूथपेस्ट से लेकर रात को गुडनाइट जलाने तक।
अगर हम हर क्षण ग्राहक हैं, तो हमें हर क्षण सजग भी रहना चाहिए।”
डिजिटल ठगी और भ्रामक विज्ञापनों पर चेतावनी
मुख्य वक्ता ने डिजिटल ठगी के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज हर मोबाइल में धोखे वाले एप्स मौजूद हैं, लेकिन कंज्यूमर एप्स बहुत कम लोग डाउनलोड करते हैं।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता मंत्रालय ने शिकायतों के समाधान के लिए “कंज्यूमर एप” और टोल-फ्री नंबर शुरू किए हैं, जिनका उपयोग प्रत्येक ग्राहक को करना चाहिए।
भ्रामक विज्ञापनों से सावधान रहने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि—
“सीसीपीए (केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण) को शिकायत करने पर ही कार्रवाई संभव है।
एक बार की शिकायत पर ही एक कंपनी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
इसलिए आवश्यक है कि ग्राहक शिकायत करें, तभी कंपनियाँ जवाबदेह बनेंगी।”
कार्यक्रम का सार
कार्यक्रम में छात्रों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वक्ताओं ने उपभोक्ता अधिकारों, डिजिटल सुरक्षा एवं भ्रामक प्रचार से बचाव पर विस्तृत जानकारी दी।
अंत में, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के पदाधिकारियों ने यह संकल्प दोहराया कि उपभोक्ता जागरूकता ही राष्ट्र की आर्थिक स्वावलंबन की पहली सीढ़ी है।
विज्ञापन