अपील की है कि संदिग्ध या मिलावटी खाद्य सामग्री की जानकारी तत्काल : भोपाल में दीपावली से पूर्व मिलावटखोरी के विरुद्ध सघन अभियान, दो क्विंटल मावा जप्त
Ashwani Kumar Sinha
Tue, Oct 14, 2025
भोपाल में दीपावली से पूर्व मिलावटखोरी के विरुद्ध सघन अभियान, दो क्विंटल मावा जप्त
भोपाल, 14 अक्टूबर 2025 — दीपावली त्योहार के मद्देनज़र पूरे मध्यप्रदेश में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन श्री दिनेश श्रीवास्तव (IAS) के निर्देश पर प्रदेशभर के समस्त कलेक्टरों, अभिहित अधिकारियों एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को सतत निरीक्षण और नमूना जांच करने के आदेश दिए गए हैं।
इसी क्रम में कलेक्टर भोपाल श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह के निर्देशानुसार आज जिला खाद्य सुरक्षा प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में निरीक्षण किया। आगामी त्यौहारों में आमजन को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (Mobile Food Testing Lab) के माध्यम से सघन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को ढंककर रखने तथा खराब या दूषित सामग्री के विक्रय से सख्ती से परहेज करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण एवं कार्रवाई के प्रमुख बिंदु :
अरिहंत डेयरी (पुराना भोपाल) से मावा के नमूने लिए गए एवं लगभग दो क्विंटल मावा मिलावट की शंका के आधार पर जप्त किया गया।
न्यू मार्केट क्षेत्र में – छप्पन भोग से मिठाई बादाम पाकीजा, ब्रजवासी स्वीट्स से बर्फी, अहूजा प्रोटीन से पाइनएप्पल ड्राइड फ्रूट्स के नमूने लिए गए।
बंगरसिया क्षेत्र में – जय महाकाल डेयरी एवं स्वीट्स से मावा एवं पनीर, राय स्वीट्स से लड्डू और गणेश किराना से नमकीन के नमूने एकत्र किए गए।
सभी नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल को परीक्षण हेतु भेजे गए हैं।
इसके अतिरिक्त चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला द्वारा जवाहर चौक स्थित राजस्थान स्वीट्स की मावा पेड़ा, मलाई बर्फी एवं बंगाली मिठाई तथा ग्वालियर गजक (न्यू मार्केट) से बर्फी के नमूनों की मौके पर जांच की गई, जो सभी मानक अनुसार पाए गए।
विगत एक सप्ताह में चलित प्रयोगशाला द्वारा कुल 157 खाद्य पदार्थों के नमूनों की मौके पर जांच की गई है।
निरीक्षण दल में शामिल अधिकारी:
श्री पंकज श्रीवास्तव, श्री अरूणेश कुमार पटेल, श्री भोजराज धाकड़, श्रीमती साधना सक्सेना, श्रीमती पूजा शाक्य, श्री जे.पी. विश्वकर्मा एवं श्री जे.पी. लववंशी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि संदिग्ध या मिलावटी खाद्य सामग्री की जानकारी तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग
या जिला कार्यालय को दें, ताकि ऐसी गतिविधियों पर शीघ्र रोक लगाई जा सके।
विज्ञापन