भोपाल, 24 अगस्त 2026। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में : रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 316 किलो मावा-मिल्क केक जब्त
Ashwani Kumar Sinha
Mon, Aug 24, 2026
रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 316 किलो मावा-मिल्क केक जब्त
भोपाल, 24 अगस्त 2026। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को ISBT एवं नादरा बस स्टैंड पर सघन जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान विशेष रूप से बाहर से परिवहन के माध्यम से भोपाल लाई जा रही मावा एवं मिल्क केक की जांच की गई। नादरा बस स्टैंड पर नागपुर की ओर से भोपाल लाई गई खाद्य सामग्री की जांच के दौरान गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर मावा एवं मिल्क केक को जब्त कर उनके नमूने खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान 150 किलोग्राम मावा, जिसकी बुकिंग अरीहंत डेयरी, भोपाल के नाम से बताई गई, जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 45 हजार रुपये है। इसी तरह Lovely Sweets, सब्जी मंडी, भोपाल के नाम से बुक 166 किलोग्राम मिल्क केक जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 33 हजार रुपये बताई गई।
इस प्रकार विभागीय कार्रवाई में कुल 316 किलोग्राम मावा एवं मिल्क केक, अनुमानित कीमत 78 हजार रुपये, जब्त किया गया।
जब्त खाद्य पदार्थों के नमूने नियमानुसार खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों एवं विनियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने बताया कि रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए मावा, मिल्क केक, मिठाई, घी, पनीर सहित अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बाहर से भोपाल लाई जा रही खाद्य सामग्री की भी जांच जारी रहेगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे खाद्य सामग्री विश्वसनीय एवं वैध खाद्य पंजीयन/लाइसेंस वाले प्रतिष्ठानों से ही खरीदें और संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने पर विभाग को तत्काल सूचना दें।
विज्ञापन