प्रारंभिक स्तर पर करियर संबंधी स्पष्टता प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाने : विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास हेतु भगवत सहाय महाविद्यालय ने क्लिफ़ एआई से किया एमओयू
Ashwani Kumar Sinha
Thu, Feb 12, 2026
विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास हेतु भगवत सहाय महाविद्यालय ने क्लिफ़ एआई से किया एमओयू
डॉ. भगवत सहाय शासकीय महाविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं औद्योगिक सहयोग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से क्लिफ़ एआई कंपनी के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते के अंतर्गत महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए ऑफलाइन एवं ऑनलाइन करियर-केंद्रित कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना के समन्वयक एवं ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर डॉ. विजय गंभीर ने बताया कि एमओयू का उद्देश्य कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के विविध आयामों का विकास करना है, ताकि वे रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बन सकें और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागिता निभा सकें।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. बृजबाला राय ने इस पहल का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को अधिकतम लाभ दिलाने हेतु आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया तथा क्लिफ़ एआई का आभार व्यक्त किया।
जी-इनक्यूबेशन सेंटर की श्रुति अग्रवाल एवं प्रांजुल तथा महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. एल.एन. आर्य की उपस्थिति में प्राचार्य डॉ. बृजबाला राय, टीपीओ डॉ. विजय गंभीर और क्लिफ़ एआई की ऑनबोर्डिंग पार्टनर (मुंबई) सुश्री संजना सिंह ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
सुश्री संजना सिंह ने बताया कि क्लिफ़ एआई एक पंजीकृत करियर इंटेलिजेंस एवं कौशल उन्नयन प्रौद्योगिकी कंपनी है, जो विद्यार्थियों और प्रोफेशनल्स को प्रारंभिक स्तर पर करियर संबंधी स्पष्टता प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाने के लिए कार्यरत है।
विज्ञापन