प्रचारक का जीवन अनेक हृदयों में छोड़ता है स्थायी छाप : विनोद जी का जीवन क्षण-क्षण राष्ट्रसेवा को समर्पित था : दीपक विस्पुते
Ashwani Kumar Sinha
Fri, Oct 9, 2026
विनोद जी का जीवन क्षण-क्षण राष्ट्रसेवा को समर्पित था : दीपक विस्पुते
भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक श्रद्धेय विनोद जी की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठजनों ने उनके साथ बिताए संस्मरण साझा किए। वक्ताओं ने उनके सादगीपूर्ण जीवन, संगठननिष्ठा, कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता और सामाजिक समरसता के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह बौद्धिक प्रमुख दीपक विस्पुते ने कहा कि विनोद जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रकार्य और समाजसेवा के लिए समर्पित था। लगभग 55 वर्षों के प्रचारक जीवन में उन्होंने विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। उनकी कार्यपद्धति में सूक्ष्मता, कार्यकर्ताओं की चिंता और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा स्पष्ट दिखाई देती थी। उन्होंने कहा कि विनोद जी के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों को आचरण में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सामाजिक समरसता के कार्यों में रहा महत्वपूर्ण योगदान
केंद्रीय कृषि मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विनोद जी के साथ कार्य करने के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सामाजिक समरसता से जुड़े अनेक वैचारिक निर्णयों और योजनाओं में उनका मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। संत रविदास महाकुंभ, टंट्या मामा भील और भीमा नायक से जुड़े कार्यों में उनकी दृष्टि एवं योगदान उल्लेखनीय था। उन्होंने कहा कि विनोद जी के व्यक्तित्व में अनुशासन और आत्मीयता का अनूठा समन्वय था।
प्रचारक का जीवन अनेक हृदयों में छोड़ता है स्थायी छाप
पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा कि प्रचारक का जीवन भले ही बाहरी रूप से साधारण दिखाई दे, लेकिन उसके कार्य, व्यवहार और आत्मीय संबंध समाज के असंख्य लोगों के हृदय में स्थायी स्थान बना लेते हैं। उन्होंने विनोद जी के साथ बिताए संस्मरण साझा करते हुए उनके निधन से उत्पन्न रिक्तता को भावुकता के साथ व्यक्त किया।
प्रतिज्ञा को आचरण में उतारना विनोद जी से सीखें
अशोक जी पांडे ने विनोद जी को कार्यकर्ताओं की चिंता करने वाला, समाज के प्रति संवेदनशील और दूरदृष्टि से परिपूर्ण व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि किसी विचार और प्रतिज्ञा को केवल शब्दों तक सीमित न रखकर जीवन में उतारना विनोद जी से सीखा जा सकता है।
सादगी, संवेदनशीलता और संगठनात्मक दृढ़ता का संगम
क्षेत्र घुमंतू कार्य प्रमुख गोरेलाल जी ने विनोद जी के सात्विक जीवन, सहज व्यवहार और संगठन के प्रति दृढ़ता का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बड़े दायित्वों से मुक्त होने के बाद भी विनोद जी की दिनचर्या, कार्यनिष्ठा और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता में कोई कमी नहीं आई। वे समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को संगठन और सामाजिक कार्यों से जोड़ने में विशेष दक्ष थे।
गोरेलाल जी के अनुसार, विनोद जी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझते थे और संगठन के हित में आवश्यक निर्णय लेने में दृढ़ता दिखाते थे। प्रयागराज कुंभ सहित विभिन्न अवसरों पर वे पुराने कार्यकर्ताओं, साधु-संतों और पूर्व प्रचारकों की सक्रियता बनाए रखने के लिए प्रयासरत रहते थे। उनके व्यक्तित्व में करुणा, चिंता और मार्गदर्शन का अनूठा समन्वय था।
श्रद्धांजलि सभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं संघ प्रेरित संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विनोद जी से आत्मीय संबंध रखने वाले अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी ने मौन रखकर श्रद्धेय विनोद जी को नमन किया और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
विज्ञापन