नवरात्रि-दिवाली पर खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच के निर्देश : मध्य प्रदेश में दूध, मावा, पनीर, घी, मिठाई, नमकीन और खाद्य तेल के लिए जाएंगे नमूने
Ashwani Kumar Sinha
Wed, Oct 7, 2026
नवरात्रि-दिवाली पर खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच के निर्देश
दूध, मावा, पनीर, घी, मिठाई, नमकीन और खाद्य तेल के लिए जाएंगे नमूने
भोपाल। आगामी नवरात्रि एवं दीपावली त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए मध्यप्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मिलावट के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक मनोज पुष्प ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को पत्र जारी कर अपने अधीनस्थ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के माध्यम से खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण और नमूना संग्रहण कराने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के अनुसार दूध एवं दुग्ध उत्पाद, मावा, पनीर, घी, मिठाई, नमकीन, खाद्य तेल, पेय पदार्थ (बीवरेज) तथा स्थानीय स्तर पर अधिक उपयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएंगे। मिलावट की आशंका होने पर नियमानुसार संबंधित खाद्य पदार्थों को जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रशासन ने अस्वास्थ्यकर एवं अस्वच्छ स्थानों पर खाद्य पदार्थों का निर्माण अथवा विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई में खाद्य संबंधी संवेदनशील स्थानों को प्राथमिकता देने को कहा गया है।
मुख्य बाजारों में ऑन-स्पॉट जांच
त्योहारों के दौरान मुख्य बाजारों में चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं के माध्यम से मौके पर प्राथमिक जांच कराने, जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अभियान के दौरान की गई कार्रवाई का डाटा FoSCoS/FOSCORIS/FSW पोर्टल पर तत्काल अपलोड किया जाना अनिवार्य किया गया है।
पहले अभियान में 1050 से अधिक प्रतिष्ठानों की जांच
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देश पर 12 से 26 सितंबर 2026 तक होटल, रेस्टोरेंट, रिसोर्ट, क्लब, भोजनालय, ढाबे और निजी होस्टलों सहित 1050 से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। अनियमितताएं पाए जाने पर 210 से अधिक नोटिस जारी किए गए, जबकि 16 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन निरस्त किए गए।
अब आगामी नवरात्रि एवं दीपावली को देखते हुए विभाग ने मिलावट रोकने और सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलों में विशेष निगरानी अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन