: भोपाल खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा होटलों में खाद्य पदार्थों की जांच
Admin
Wed, Dec 18, 2024
ग्राम-इजगिरी में मिड-डे-मील के नमूने लिये गये
बैरसिया तहसील अन्तर्गत ग्राम-इजगिरी की आंगनबाड़ी में बच्चों को हुई फूड प्वाइजनिंग की जांच करने हेतु कलेक्टर-भोपाल श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा बच्चों को परोसे गये भोजन के नमूने लिये गये। आज मध्यान्ह भोजन में रोटी, दाल तथा आटे की लपसी परोसे गये थे। लिये गये नमूनों का वैज्ञानिक परीक्षण राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल में कराया जायेगा जिससे विषाक्तता के कारणों का पता चलने की संभावना है ।
भोपाल स्थित प्रमुख रेस्टोरेंट्स से नमूने लिये गये
जिले में सुरक्षित तथा गुणवत्तापूर्ण भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर-भोपाल श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह के निर्देशानुसार नगर के प्रमुख रेस्टोरेंट्स में बनाये जा रहे भोजन तथा अवयवी पदार्थों के नमूने लिये गये। निरीक्षण किये गये प्रतिष्ठानों में आशिमा मॉल स्थित क्लब ऑबेलो से पनीर तथा आटा, एमपीनगर जोन-2 स्थित राजहंस होटल से मटर पनीर, दाल फ्राई तथा सोयाबीन तेल, शर्मा विष्णु रेस्टोरेंट से वेज बिरयानी, छोले तथा सोयाबीन तेल, एमपीनगर जोन-1 स्थित मिलन रेस्टोरेंट से पनीर मसाला, छोले की सब्जी तथा तुअर दाल, आमेर ग्रीन (झरोखा) से तुअर दाल तथा सोयाबीन तेल, आई एस बी टी कॉम्पलेक्स स्थित सागर गैरे से आटा, चावल तथा सोयाबीन तेल चूना भट्टी स्थित फेयरीलैंड होटल से पनीर तथा आटा करोंद स्थित सागर गैरे रेस्टोरेंट से मैदा तथा कार्नफ्लोर के नमूने लिये गये। नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल प्रेषित किया गया है।
वीरेन्द्र साहू वेजिटेबल एण्ड किराना में एक्सपायर्ड पैकेट्स् नष्ट कराये
एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री विक्रय किये जाने की शिकायत प्राप्त होने पर अभिहित अधिकारी श्री देवेन्द्र कुमार वर्मा के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा किये गये निरीक्षण में रूचि लाइफस्केप के पास, जाटखेड़ी स्थित वीरेन्द्र साहू वेजिटेबल एण्ड किराना में विभिन्न उत्पादों के लगभग 60 एक्सपायर्ड पैकेट रखे होना पाये जाने पर सभी पैकेट्स को नष्ट कराया गया । प्रतिष्ठान में खाद्य कारोबार का संचालन बिना खाद्य पंजीयन होना पाये जाने के कारण खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धारा 31 (2) के अन्तर्गत प्रकरण माननीय न्याय-निर्णायक अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जायेगा ।
दिनांकः 18.12.2024
विज्ञापन