शिक्षा में AI के प्रयोग पर विद्यार्थियों ने किया तर्कपूर्ण विमर्श : भोपाल। शासकीय कला एवं वाणिज्य (नवीन) महाविद्यालय, भोपाल में विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति-कौशल तथा
Ashwani Kumar Sinha
Thu, Oct 8, 2026
शिक्षा में AI के प्रयोग पर विद्यार्थियों ने किया तर्कपूर्ण विमर्श
भोपाल। शासकीय कला एवं वाणिज्य (नवीन) महाविद्यालय, भोपाल में विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति-कौशल तथा समसामयिक तकनीकी विषयों की समझ विकसित करने के 
उद्देश्य से 7 अक्टूबर 2026 को “शिक्षा में AI (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) का प्रयोग” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में हमज़ा हसनेन, लक्की मिश्रा, रमाकांत दुबे एवं सौरभ चौरसिया ने पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने शिक्षा में AI के बढ़ते उपयोग, इसके लाभ, चुनौतियों तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों पर पड़ने वाले प्रभावों को तथ्यपरक एवं तार्किक ढंग से सामने रखा।
पक्ष में विद्यार्थियों ने AI को शिक्षण-अधिगम को अधिक प्रभावी, सुगम और तकनीक-सक्षम बनाने वाला माध्यम बताया, जबकि विपक्ष में मौलिक चिंतन, रचनात्मकता, मानवीय संवेदना, डेटा गोपनीयता और तकनीक पर अत्यधिक निर्भरता जैसी चुनौतियों को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को AI के उपयोग के साथ-साथ इसके संतुलित, जिम्मेदार एवं नैतिक प्रयोग के प्रति जागरूक करना रहा। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और मानवीय मूल्यों के बीच संतुलन पर विचार करने का अवसर दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कलावती कोरी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी हिरदेश पाटीदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता एवं उत्साह की सराहना की गई।
विज्ञापन