न्यू मार्केट में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, पांच खाद्य पदार्थों के : ग्वालियर गजक एंड स्वीट्स भंडार से बेसन के लड्डू, आदर्श नमकीन सेंटर से नमकीन सेव और तलने में इस्तेमाल हो रहे सोयाबीन तेल,
Ashwani Kumar Sinha
Wed, Oct 21, 2026
न्यू मार्केट में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
भोपाल। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन, भोपाल ने मंगलवार, 21 अक्टूबर को न्यू मार्केट स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए।
कार्रवाई के दौरान ग्वालियर गजक एंड स्वीट्स भंडार से बेसन के लड्डू, आदर्श नमकीन सेंटर से नमकीन सेव और तलने में इस्तेमाल हो रहे सोयाबीन तेल, सागर जलेबी कॉर्नर से जलेबी व मावा जलेबी तथा अग्रवाल प्रोविजन स्टोर/अग्रवाल रिच ड्राई फ्रूट्स से बादाम का नमूना जांच के लिए लिया गया।
निरीक्षण में सागर जलेबी कॉर्नर पर जलेबी और मावा जलेबी खुले में बनाते व बेचते हुए पाया गया। ग्राहकों को अखबारी कागज पर जलेबी देने पर संचालक को तत्काल इसे हटाने और खाद्य पदार्थों को स्वच्छ तरीके से खाद्य-ग्रेड सामग्री में बेचने के निर्देश दिए गए। नियमों का पालन नहीं करने पर लाइसेंस निरस्तीकरण सहित वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने त्योहारी अवधि में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच जारी रखने की बात कही है।
विज्ञापन